मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सौभाग्य योजना के तहत प्रदेश के उन सभी घरों को 31 दिसंबर तक बिजली कनेक्शन देने की समयसीमा तय की है, जिन्हें अब तक कनेक्शन नहीं मिला है। उन्होंने सभी डीएम व विभागीय अफसरों को हर सप्ताह योजना की समीक्षा के निर्देश दिए हैं।
ऊर्जा मंत्री और प्रमुख सचिव ऊर्जा को भी सीएम ने हर 15 दिन में समीक्षा करने को कहा है। वे शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सौभाग्य योजना की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने सबसे खराब प्रगति वाले 15 जिलों के डीएम और पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों को अभियान चलाकर मजरों व बस्तियों के वंचित घरों को विद्युत कनेक्शन देने के निर्देश दिए हैं। इन जिलों में लखीमपुर खीरी, इलाहाबाद, गोंडा, हरदोई, बहराइच, जौनपुर, सीतापुर, महराजगंज, फतेहपुर, फैजाबाद, बाराबंकी, शाहजहांपुर, प्रतापगढ़, उन्नाव और आजमगढ़ शामिल हैं। बिजली कनेक्शन देने के लिए उन्होंने कैंप लगाने और प्रचार-प्रसार के लिए ‘सौभाग्य रथ’ का संचालन लगातार करने को कहा।