यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा इनर रिंग रोड पर गड्ढे होने और उसके धंस जाने के मामले की जांच के आदेश दिए हैं। ये सड़क आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा बनाई गई थी।
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, जांच की जिम्मेदारी सिंचाई विभाग के चीफ इंजीनियर व लोक निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर को सौंपी गई है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट आगरा के मंडलायुक्त शासन को सौंपेंगे।
आपको बता दें कि यूपी में भाजपा की सरकार बनते ही सड़कों के गड्ढा मुक्त किए जाने का वादा किया गया था। जिस पर सरकार ने तेजी से काम किया।
वहीं, हाल ही में आगरा इनर रिंग रोड पर गड्ढे होने और उसके धंस जाने की तस्वीरें जब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुईं तो सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं।