मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूर्वांचल के आजमगढ़ के बाद अब पश्चिम यूपी के सहारनपुर व मुरादाबाद मंडल की समीक्षा के लिए जा सकते हैं। 29 व 30 जून को मुख्यमंत्री का भ्रमण तय हो सकता है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को अंतिम रूप देने की कार्यवाही चल रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले सप्ताह मंडलीय समीक्षा बैठकों की शुरुआत पूर्वांचल के आजमगढ़ मंडल से की थी।
विज्ञापन
उसके बाद संकेत दिया गया था कि मुख्यमंत्री हर सप्ताह एक से दो मंडलों की समीक्षा के लिए निकलेंगे। शासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री पूरब के बाद अब पश्चिम यूपी का रुख करने जा रहे हैं। इस सप्ताह 29 जून को मुरादाबाद व 30 को सहारनपुर मंडलों की समीक्षा बैठकें प्रस्तावित हैं।
मुख्यमंत्री मंडल्ीय बैठकों से पहले जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। समीक्षा बैठकों का एजेंडा वही रहेगा जो शासन में जिलाधिकरियों व पुलिस अधीक्षकों की बैठक का था। सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री मंडलीय समीक्षा बैठकों में जिलों तक के सभी प्रमुख जिला स्तरीय अधिकारियों को बुलाकर सरकार की रीति-नीति और प्राथमिकता बताने का काम पूरा करने के बाद जिलों का औचक भ्रमण शुरू करेंगे।
विज्ञापन
योगी जिले के अफसरों को यह कहने का मौका नहीं देना चाहते कि बड़े अफसरों ने उन तक सरकार की मंशा सही तरीके से नहीं पहुंचाई। मुख्यमंत्री जब जिलों का रुख करेंगे तो वहां किसी भी क्षेत्र में पहुंचकर विकास कार्यों, स्कूल, अस्पताल, थाने और तहसील आदि का औचक निरीक्षण कर आम लोगों का फीडबैक लेंगे और मौके पर ही कार्यवाही करेंगे।