मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रदेश में निवेश का माहौल बन गया है। फरवरी की इन्वेस्टर्स समिट में जो 4.36 लाख करोड़ के एमओयू हुए थे, जुलाई में उनमें 60 हजार करोड़ की परियोजनाओं को जमीन पर उतारा जा चुका है। दिसंबर में एक लाख करोड़ की निवेश परियोजनाओं का फिर भूमि पूजन होगा। देश में यूपी सबसे अधिक निवेश वाला राज्य होगा।
डिफेंस कारीडोर, एअरपोर्ट विकास प्राथमिकता में
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार डिफेंस कारीडोर के लिए तेजी से कार्यवाही कर रही है। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे व बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के रूप में प्रदेश के पास सबसे अच्छा एक्सप्रेस होगा। ये पिछड़े क्षेत्रों को विकास की प्रक्रिया से जोड़ देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में तीन एअरपोर्ट थे। उनकी सरकार ने प्रयागराज, आगरा, कानपुर चालू किए। उड़ान योजना में 11 नए एअरपोर्ट शुरू होने जा रहे हैं। अगले साल कुशीनगर एअरपोर्ट चालू हो जाएगा। जेवर एअरपोर्ट बनाने की कार्यवाही अंतिम चरण में है।
औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने कहा कि अधिकारी जल्द से जल्द क्लीयरेंस से जुड़ी कार्यवाही कर रेल एंसीलरी पार्क के शिलान्यास की तारीख तय करें। मुख्यमंत्री फतेहपुर में चलकर पार्क का शिलान्यास करेंगे। उन्होंने एंसीलरी पार्क बनाने वाले डवलपर एबीए ग्रुप से कहा कि वह देश के किसी अन्य प्राइवेट पार्क में उपलब्ध सुविधाओं से बढ़कर अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएं।
रेल पार्क फतेहपुर की पहचान बना देगा: साध्वी निरंजन
केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री व फतेहपुर की सांसद साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि लोग फतेहपुर सीकरी को तो जानते थे लेकिन पिछड़ेपन की वजह से फतेहपुर जिले को नहीं जानते थे। जिस दिन रेल पार्कस्थापित हो जाएगा, फतेहपुर की पहचान बन जाएगी। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार फतेहुपर में इतनी बड़ी इंडस्ट्री लगने जा रही है। यह ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने फतेहपुर को मेडिकल कालेज और रेल एंसीलरी पार्क देने के लिए मुख्यमंत्री योगी का आभार जताया।
रेलवे एंसीलरी पार्क के डवलपर एबीए ग्रुप के चेयरमैन अली खान ने कहा कि प्राइवेट रेल पार्क में 2500 करोड़ का निवेश होगा। समूह निवेशकों को अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। उन्होंने बताया कि यह प्रोजेक्ट 20 हजार से अधिक लोगों के लिए रोजगार का अवसर लाएगा। उन्होंने बताया कि इस पार्क के विकास में प्रदेश सरकार, रेल मंत्रालय और यूपीएसआईडीसी सहयोग कर रहे हैं।
प्रदेश में कई और प्राइवेट पार्क होंगे स्थापित : अनूप
मुख्य सचिव डा. अनूप चंद्र पांडेय ने कहा कि इन्वेस्टर्स समिट में 4.80 लाख करोड़ के एमओयू हुए थे। एक वर्ष में निवेश के लिए प्रस्तावित पूरी रकम की परियोजनाएं जमीन पर उतारकर दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि प्राइवेट पार्क की नीति बनाए जाने के बाद रेल एंसीलरी पार्क सिर्फ शुरुआत है। प्रदेश में डिफेंस पार्क, इलेक्ट्रिक व्हीकिल, लाजिस्टिक्स पार्क, फूड पार्क तेजी से आने जा रहे हैं। प्रदेश के सभी क्षेत्रों में प्राइवेट पार्कों की स्थापना होगी जिससे बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
2019-20 में देश की अर्थव्यवथा में दूसरे नंबर पर होगा यूपी : राजेश
प्रमुख सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास राजेश सिंह ने कहा कि नई सरकार में कानून-व्यवस्था में सुधार से निवेश का माहौल बना है। प्राइवेट पार्क के आने से पार्क के अलावा बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि 2011 में यूपी देश की जीएसडीपी में महाराष्ट्र व तमिलनाडु के बाद तीसरे स्थान पर था। 2013 में गुजरात आगे निकल गया और 230 बिलियन डालर केसाथ यूपी चौथे स्थान पर चला गया। सिंह ने कहा कि 2019-20 में यूपी, गुजरात व तमिलनाडु को पीछे छोड़कर दूसरे पायदान पर आ जाएगा। कार्यक्रम को रेल कोच फैक्ट्री लालगंज रायबरेली के महाप्रबंधक सुनीत शर्मा व रेलवे बोर्ड के सदस्य राजेश अग्रवाल ने भी संबोधित किया।