अयोध्या को दिव्य-भव्य नगरी के रूप में विकसित करने को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को समीक्षा में यहां लंबित परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने के निर्देश देते हुए गड़बड़ियों और लापरवाही पर सख्त तेवर दिखाए।
उन्होंने अयोध्या में प्रस्तावित एयरपोर्ट निर्माण में आ रही बाधाओं को जल्द दूर करने के निर्देश दिए। अयोध्या के जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री को बताया कि एयरपोर्ट के लिए 160 एकड़ भूमि मिल गई है, शेष 250 एकड़ का अधिग्रहण हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न विकास कार्यों के लिए अधिग्रहित की जा रही जमीन की दर एक समान होनी चाहिए।
अच्छे गाइड तैयार करने का निर्देश
सीएम ने कहा कि भविष्य में देश-विदेश से लाखों लोग हर महीने अयोध्या आएंगे। इसलिए अयोध्या की वास्तविक जानकारी देने के लिए बड़ी संख्या में अच्छे गाइड तैयार किए जाएंगे।
वैदिक और स्मार्ट सिटी का समन्वय होगी नई अयोध्या
वैदिक और स्मार्ट सिटी के समन्वय के साथ एक नई अयोध्या भी बसाई जाएगी। आवास-विकास परिषद ने 639 एकड़ भूमि भी चिन्हित की है। फिलहाल अयोध्या में राम की पैड़ी के सुंदरीकरण, लाइटों को बेहतर करने का कार्य, बहुउद्देशीय हॉल, गुप्तार घाट और लक्ष्मण किला घाट और रामकथा का विस्तारीकरण, राजा दशरथ की समाधि के जीर्णोद्धार का काम पूरा हो चुका है। पंच कोसी परिक्रमा पर श्रद्धालुओं के जगह-जगह विश्राम स्थल बनाने, मल्टी लेवल कार पार्किंग, बस स्टैंड, क्वीन-हो मेमोरियल का सुंदरीकरण और यात्री निवास के उच्चीकरण का काम जारी है।
सुल्तानपुर मार्ग पर बनेगा एक और रोडवेज, सभी मार्गों का होगा चौड़ीकरण
अयोध्या। करोड़ों भक्तों की भीड़ के मद्देनजर हाइवे पर आधुनिक बस अड्डा के बाद एक और बस अड्डा सुल्तानपुर रोड पर बनेगा का प्रस्ताव आया है। ऑनलाइन बैठक का हिस्सा रहे अयोध्या विधायक वेदप्रकाश गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने अयोध्या के समेकित विकास पर जोर दिया है। अयोध्या सोलर सिटी के रूप में विकसित होगी। सुल्तानपुर मार्ग पर अयोध्या में एक और बस अड्डा बनाया जाएगा। अयोध्या के सभी मार्गों का चौड़ीकरण होगा। परिक्रमा मार्गों का चौड़ीकरण होने के साथ-साथ यहां मौजूद सभी धार्मिक स्थलों का भी सुंदरीकरण कराकर जनसुविधाओं का विकास किया जाएगा।
होटल रिजॉर्ट्स के लिए आए प्रस्ताव
अब अयोध्या फाइव-सेवन स्टार होटल-रिजार्ट, हेरिटेज होटल, हॉस्पिटेलिटी की सुविधाओं से पूर्ण होने जा रही है। इसके लिए शासन को पयर्टन नीति के तहत 20 होटलों का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। जिसमें नावल्टन हॉस्पिटेलिटी प्रा.लि. ने रिजार्ट व थीम पार्क, शशि शर्मा टेलीफिल्म्स ने हेरिटेज, गुरूकृपा एसोसिएशन, डीपीआर इंटरप्राइजेज, उषारानी डेवलपर्स लि., सरयू रत्ना होटल्स एंड रिजार्ट, होटल डिवाइन पैराडाईज, केएम व्यापार प्रा.लि., होटल वेदांत सहित 20 होटल व रिजार्ट्स बनने जा रहे हैं।