मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में अब दोबारा कैराना व कांधला सरीखी घटनाएं नहीं होने देंगे। सपा-बसपा सरकारों में कांवड़ यात्रा पर लगने वाली पाबंदियों पर अफसोस जताते हुए कहा, मेरी सरकार में शिव भक्तों को पूरी धार्मिक स्वतंत्रता होगी। उन्होंने लखनऊ को एक ऐसा मॉडल स्मार्ट सिटी बनाने का वादा भी किया, जिसे देखने पूरे विश्व से लोग आएंगे।
योगी रविवार को राजधानी के राजाजीपुरम और अवध अस्पताल चौराहे पर मेयर पद की भाजपा प्रत्याशी संयुक्ता भाटिया और पार्षद प्रत्याशियों के पक्ष में आयोजित जनसभाओं में बोल रहे थे। उन्होंने कहा, आठ महीनों के कार्यकाल में लोग काफी बदलाव महसूस कर रहे हैं। कोर्ट के आदेशों का पूरी तरह पालन हो रहा है।
सत्ता संभालते ही अवैध बूचड़खाने बंद करवा दिए। अवैध खनन और वनों के अवैध कटान पर पाबंदी लग गई है। भू-माफिया असली मालिकों को जमीन देकर प्रदेश से बाहर चले गए हैं। कहा कि पहले प्रदेश में हर सप्ताह 3-4 दंगे होते थे। व्यापारियों का अपहरण आम बात थी।
बहन-बेटियों को भी अपमानजनक स्थितियों का सामना करना पड़ता था। कैराना और कांधला जैसी जगहों से भी अपराधी बाहर चले गए हैं। कांग्रेस के एक पूर्व विधायक पर माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा, प्रदेश में कानून का राज देखकर वे हताशा में अनाप-शनाप बयान दे रहे हैं।
1100 से अधिक बड़े अपराधियों को जेलों में डाला गया
- फोटो : amar ujala
सीएम ने कहा, निवेश के लिए जरूरी है कि प्रदेश का माहौल अच्छा हो। आठ महीने में 1200 से ज्यादा एनकाउंटर हुए हैं। 1100 से अधिक बड़े अपराधियों को जेलों में डाला गया है और 800 ने अन्य राज्यों में सरेंडर कर दिया है। अपराधियों को लग गया है कि वे जेलों के अंदर ही सुरक्षित हैं। इन कदमों से निवेश का माहौल बना है। इससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
पटरी दुकानदारों का करेंगे पुनर्वास
सीएम ने कहा, उनकी सरकार लखनऊ को मॉडल स्मार्ट सिटी के तौर पर विकसित करना चाहती है। यह प्रदेश के सभी 653 निकाय क्षेत्रों के लिए उदाहरण होगा। सरकार सीधे नगर निकायों को राशि भेजेगी। इसमें बिचौलियों की भूमिका पूरी तरह खत्म की जाएगी। शहरों में पटरी दुकानदारों और खोमचे वालों को चिन्हित किया जाएगा। सड़कों को खाली कराने के साथ ही उनके पुनर्वास की व्यवस्था भी होगी।
शव यात्रा की तरह नहीं निकलेगी शिव यात्रा
सीएम ने कहा, सपा और बसपा सरकारों के समय कांवड़ यात्रा को सीमित करने के साथ ही माइक आदि बजाने पर पाबंदियां लगाई जाती थीं। लेकिन, मैंने अधिकारियों से स्पष्ट कह दिया है कि यह शिव यात्रा है, शव यात्रा नहीं। इसलिए न सिर्फ डीजे बजेंगे, बल्कि हेलीकॉप्टर से उन पर पुष्पवर्षा भी होगी।
अयोध्या की तरह जगमग होंगे सभी शहर
- फोटो : amar ujala
सीएम ने कहा, हम अब तक गरीबों को 11 लाख आवास दे चुके हैं। शहरी क्षेत्रों में भी निशुल्क बिजली कनेक्शन दे रहे हैं। अभी तक 20 लाख घरों में कनेक्शन दे चुके हैं। 45 लाख राशन कार्ड बांट चुके हैं। सभी नगर निकाय क्षेत्रों में एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए एमओयू भी साइन किया है। सभी शहर वैसे ही जगमग रहेंगे, जैसे दिवाली पर अयोध्या नगरी जगमग हुई थी।
शोहदों का पकड़ लें गला : सुरेश
लखनऊ पश्चिम से विधायक सुरेश श्रीवास्तव ने कहा, हम चाहते हैं कि राजधानी में बहन-बेटियां रात में बेखौफ होकर घूमें। अगर कहीं कोई उनके साथ गलत हरकत करता है तो कार्यकर्ता बेखटक उसका गला पकड़ लें।
भीड़ देखकर सीएम गदगद
जनसभा में भीड़ देखकर सीएम ने कहा, आपकी संख्या और उत्साह देखकर मेरे अंदर भी नई ऊर्जा का संचार हुआ है, जबकि इससे पहले मैं कई शहरों में जनसभाएं करके यहां पहुंच रहा हूं। इसके लिए उन्होंने चुनाव प्रबंधन की कमान संभाल रही टीम की सराहना भी की।
राजाजीपुरम की जनसभा में मंच पर उस समय अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई, जब मंच पर अपेक्षाकृत कनिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता सीएम के नजदीक स्थान पा गए। प्रदेश महामंत्री और नगर निगम, लखनऊ के प्रभारी अशोक कटारिया ने इन कार्यकर्ताओं को वहां से हटाकर प्रत्याशी संयुक्ता भाटिया, महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा को स्थान दिलाया।