बलरामपुर। सातवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जिले भर में 21 जून को कोविड प्रोटोकाल के साथ मनाया जाएगा। कोरोना महामारी को देखते हुए योग प्रशिक्षक ने सामूहिक योगाभ्यास के बजाए घर में ही जूम एप के माध्यम से योगाभ्यास करने की अपील की है।
उत्तर प्रदेश राज्य आयुष सोसाइटी की तरफ से संचालित योग वेलनेस सेंटर एवं अखिल भारतीय योग शिक्षक महासंघ के संयुक्त तत्वाधान में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं योग प्रशिक्षक डॉ. अमरजीत ने बताया कि वर्चुअल सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम के तहत 21 लाख बच्चों को योगाभ्यास कराया जाएगा। कार्यक्रम से जुड़ने वाले योग साधकों को डिजिटल सार्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा।
वर्चुअल योग कार्यक्रम में डीएम, सभी विधायक, सांसद तथा सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जूम मीट एप के माध्यम से 21 जून को प्रात: छह से सात बजे तक योगाभ्यास कराया जाएगा। उन्होंने जनमानस से अपील किया है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर किसी भी प्रकार का सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित न करें। सभी अपने घर पर ही जूम एप के माध्यम से प्रात: 6.30 बजे से लेकर 7.30 बजे तक योगाभ्यास करें। योग वेलनेस सेंटर की तरफ से योगाभ्यास करने वाले प्रतिभागियों को सार्टिफिकेट साफ्ट कॉपी के रूप में डिजिटल माध्यमों द्वारा प्रदान की जाएगी। सार्टिफिकेट के लिए प्रतिभागी को योगाभ्यास करते हुए अपनी तीन से पांच मिनट की वीडियो बनाकर अपने सोशल मीडिया एकाउंट, फेसबुक, ट्विटर व इंस्टाग्राम पर अपलोड करना होगा।
जिला कारागार में योग शिविर
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में इंटरनेशनल नेचुरोपैथी आर्गनाइजेशन एवं सूर्या फाउंडेशन की तरफ से जिला कारागार में तीन दिवसीय योग शिविर का आयोजन गया। शिविर का शुभारंभ करते हुए योग गुरु वीरेंद्र विक्रम सिंह ने कोविड प्रोटोकाल के अनुसार कैदियों को योगाभ्यास कराया। कैदियों ने गर्दन चालन, स्कंध चालन और घुटनों के चालन की क्रियाओं का अभ्यास किया।