सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि सीएम एक के बाद एक समीक्षा बैठकें कर रहे हैं, जबकि अपराधी अपराध पर अपराध किए जा रहे हैं। उन्होंने आगरा में बार काउंसिल की अध्यक्ष दरवेश यादव की हत्या पर गहरा दुख जताया। कहा, हालात काबू से बाहर हो चुके हैं। कानून के रक्षक ही यहां महफूज नहीं हैं।
अखिलेश ने ट्वीट करके कहा कि प्रदेश में बलात्कार, हत्याओं व राजनीतिक हमलों की वारदातें बढ़ती ही जा रही हैं। मुख्यमंत्री मीटिंग पर मीटिंग ले रहे हैं, लेकिन कानून-व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है। आगरा में बार काउंसिल की पहली अध्यक्ष को गोली मारने से यह साफ हो गया है कि हालात किस कदर बिगड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि क्या यही मुख्यमंत्री के कानून-व्यवस्था के दावों की सच्चाई है।
पत्रकार की पिटाई की निंदा की
अखिलेश ने शामली में पत्रकार अमित शर्मा की पिटाई की भी घोर निंदा की है। उन्होंने कहा कि बेपटरी हुई मालगाड़ी की कवरेज में गए पत्रकार अमित शर्मा के साथ जो अमानवीय बदसलूकी की गई है, उसे किसी भी लिहाज से उचित नहीं ठहराया जा सकता।
हद तो तब हो गई जब उसके मुंह पर पेशाब तक कर दिया गया। अखिलेश ने कहा कि जीआरपी सिपाहियों की यह करतूत बताती है कि सरकार का अपने ही अधीनस्थ बलों पर कोई नियंत्रण नहीं रह गया है। उनका निलंबन कोई सजा नहीं है।