हजरतगंज के इंदिरा भवन के सातवें तल पर स्थित सिंचाई विभाग के प्राविधिक संपरीक्षा प्रकोष्ठ में कर्मचारी नेताओं ने मंगलवार दोपहर प्रशासनिक अधिकारी के कक्ष में हंगामा करने के साथ उनकी पिटाई कर दी।
इससे ऑफिस में अफरातफरी मच गई। प्रशासनिक अधिकारी को जख्मी करके हमलावर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रशासनिक अधिकारी को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया और 18 हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। इसमें पांच कर्मचारी नेता नामजद किए गए हैं।
इंस्पेक्टर हजरतगंज अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि इंदिरा भवन के सातवें तल स्थित सिंचाई विभाग के प्राविधिक संपरीक्षा प्रकोष्ठ में प्रशासनिक अधिकारी राम प्रसाद (50) मंगलवार दोपहर मुख्य प्राविधिक परीक्षक अधिकारी विनोद कुमार बंसल के कक्ष में जाकर उनसे बातचीत कर रहे थे।
तभी इंदिरा भवन कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष सतीश कुमार पांडेय, महामंत्री सुशील कुमार बच्चा, जगदीश प्रसाद, संजीव सक्सेना, अनिल श्रीवास्तव अपने साथियों को लेकर आ धमके। पांचों ने मिलकर राम प्रसाद को धुन दिया।