बख्शी का तालाब। महिंगवा के प्राथमिक विद्यालय में लगे तीन दिवसीय आधार शिविर के दूसरे दिन बुधवार को सर्वर की सुस्ती से करीब दो घंटे काम प्रभावित रहा। सुबह से ही आधार में संशोधन और नया कार्ड बनवाने के लिए महिला-पुरुष और बच्चों की भीड़ जुटी रही।
ऑपरेटर संजीव कुमार गिरी ने बताया कि सुबह 11:30 बजे से दोपहर तीन बजे तक 21 आवेदकों के आधार संबंधी काम किए गए। इनमें 13 बच्चों के नए आधार कार्ड बनाए गए, जबकि आठ आवेदकों के आधार में संशोधन किया गया। अन्य आवेदकों के काम सर्वर धीमा होने के कारण नहीं हो सके।
बुधवार को बिजली कटौती की समस्या नहीं रही, लेकिन दोपहर एक बजे के बाद सर्वर की गति धीमी होने से काम प्रभावित हुआ। तीन बजे के बाद आधार संबंधी कार्य नहीं हो सका। शिविर में गांव के ही लोगों को आधार संबंधी सुविधाएं मिलने से उन्हें राहत मिली। बृहस्पतिवार को भी आधार में संशोधन और नए कार्ड बनाने का काम किया जाएगा।