लखनऊ। अमृत भारत स्टेशन के तहत ऐशबाग स्टेशन को विकसित किए जाने का काम पूरा हो गया है। हालांकि अन्य रेलवे स्टेशनों पर काम की गति सुस्त है। डालीगंज व बादशाहनगर समेत उतरेटिया, ट्रांसपोर्टनगर जैसे कई स्टेशनों पर निर्माण कार्य अभी जारी है। उत्तर व पूर्वोत्तर रेलवे के अंतर्गरत आने वाले स्टेशनों पर 650 करोड़ रुपये की लागत से 64 अमृत भारत स्टेशनों को विकसित किया जाना है। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने बताया कि लखनऊ मंडल में 23 स्टेशनों को अमृत स्टेशन बनाया जा रहा है। इनमें सरकुलेटिंग एरिया, फुटओवर ब्रिज, पेयजल, सिटिंग व्यवस्थाएं, पंखे, प्लेटफॉर्मों की संख्या जैसे काम कराए जाने हैं। आला अफसरों की ओर से काम में गति लाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
छह स्टेशनों का हुआ शुभारंभ
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के कुल 23 स्टेशनों में से बीते वर्ष छह स्टेशनों का शुभारंभ किया जा चुका है। इसमें स्वामी नारायण छपिया स्टेशन, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, मैलानी, गोला गोकर्णनाथ, रामघाट हाल्ट शामिल है। जबकि ऐशबाग स्टेशन का उद्घाटन महीनेभर के अंदर हो सकता है।