राष्ट्रीय महिला कुश्ती कैंप की तैयारियां अंतिम चरण में
लखनऊ। दस अक्टूबर से साई सेंटर में प्रस्तावित राष्ट्रीय महिला कैंप के लिए तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। तैयारियों की कड़ी में कैंप के लिए जारी लिस्ट में शामिल सभी से व्यक्तिगत तौर पर बात की जा रही है, क्योंकि पिछली बार विनेश और दिव्या समेत कई पहलवानों ने लखनऊ में आने से मना कर दिया था। सेंटर प्रबंधन की माने तो हाल ही शुरू हुए कम एंड प्ले स्कीम में शामिल कुछ खेलों की ट्रेनिंग रोकी जा सकती है।
खासतौर पर बैडमिंटन की ट्रेनिंग पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ेगा, क्योंकि यह खेल मल्टीपरपज हाल में हो सकता है जहां दस अक्टूबर से महिला कैंप शुरू हो जाएगा। इसके अलावा एथलेटिक्स और वेटलिफ्टिंग में भी कम एंड प्ले मेें शामिल खिलाड़ियों को ट्रेनिंग से रोका जा सकता है। सेंटर प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार महिला पहलवान पहले ही लखनऊ में आने से मना कर सकती है। ऐसे में यहां कुछ खेलों की ट्रेनिंग को रोककर इन खिलाड़ियों को लखनऊ आने से मनाया जा सकता है। जरूरत पड़ी तो प्रबंधन अक्टूबर माह में केवल नेशनल सेंटर ऑफ एक्सिलेंस (एनसीए) में शामिल पांच खेलों के प्रशिक्षुओं को बुलाकर प्रशिक्षण शुरू कर सकता है और कम एंड प्ले स्कीम को कुछ समय के लिए स्थगित कर सकता है।