मोहनलालगंज में प्रदर्शन करतीं महिलाएं।
- फोटो : संवाद
मोहनलालगंज। निगोहां के नंदौली गांव में पंचायत भवन के सामने सरकारी जमीन पर हुए अवैध कब्जे के विरोध में सोमवार दोपहर को ग्राम प्रधान अन्य महिलाओं के साथ तहसील परिसर में धरने पर बैठ गईं। प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। शाम को कैंडल मार्च भी निकाला। वहीं, धरना देर रात तक जारी था।
उनका कहना है कि जब तक अवैध कब्जा नहीं हटाया जाएगा, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। नंदौली गांव में एक हिस्ट्रीशीटर ने पंचायत भवन के सामने सरकारी जमीन पर कब्जा किया था। 17 जून को ग्रामीणों ने जब तहसील में धरना दिया था तब प्रशासन ने कब्जा हटा दिया था। सात अगस्त को हिस्ट्रीशीटर ने दोबारा से कब्जा कर लिया। तब से ग्राम प्रधान रीना सिंह शिकायत कर रही हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है। समाधान दिवस में एडीएम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ऐसे में ग्राम प्रधान के साथ 25-30 महिलाएं सोमवार दोपहर करीब 12 बजे तहसील परिसर पहुंचीं और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्राम प्रधान का कहना है कि प्रशासन की शह पर हिस्ट्रीशीटर ने कब्जा किया है। शाम को क्षेत्र में कैंडल मार्च निकाला और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने अनिश्चितकालीन धरने का एलान किया है। फिलहाल अफसर महिलाओं को समझाने में जुटे हैं। प्रधान संघ ने भी धरने का समर्थन किया है। इधर, एसडीएम पवन पटेल से इस मुद्दे पर बात करने की कोशिश हुई, मगर फोन नहीं उठा।
मोहनलालगंज में प्रदर्शन करतीं महिलाएं।- फोटो : संवाद