सरोजनीनगर। बंथरा क्षेत्र में सोमवार को इशिका उर्फ अंजू (30) ने संदिग्ध हालात में घर के अंदर फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिता ने ससुरालवालों पर बेटी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
बंथरा के भदोई गांव निवासी अजीत कुमार गौतम दुबग्गा के आम्रपाली विद्युत पावर हाउस में मीटर रीडर के तौर पर संविदा कर्मचारी हैं। अजीत सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे खाना खाकर ड्यूटी पर चले गए और बेटी अपर्णा स्कूल चली गई। घर में अंजू, बेटा हर्ष और छोटे भाई रवि की पत्नी पूजा थी। काफी देर तक अंजू नहीं नजर आईं तो पूजा उनके कमरे की तरफ गईं, लेकिन कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। पूजा ने खिड़की से झांक कर देखा तो अंजू कमरे के अंदर पंखे के हुक से साड़ी के फंदे के सहारे लटकी मिलीं। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर अंजू को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। प्रभारी निरीक्षक राणा राजेश सिंह के मुताबिक मृतका के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतका के पिता भोलाशंकर निवासी स्कूटर इंडिया का आरोप है कि बेटी की हत्या की गई है। तीन साल पहले दहेज उत्पीड़न का मुकदमा भी लिखाया गया था। (संवाद)