बाराबंकी। पति व सास से झगड़ा होने से नाराज एक विवाहिता ने गुरुवार को तीन वर्षीय बेटी के साथ नहर में छलांग लगा दी।
विवाहिता को बच्ची के साथ नहर में कूदते देख उधर से जा रहे युवक ने भी नहर में छलांग लगा दी और कड़ी मशक्कत से उसने मां-बेटी की जान बचा ली।
पुलिस के मुताबिक कोठी थाना क्षेत्र के ग्राम अज्जोवा में रहने वाली क्रांति देवी का किसी बात को लेकर पति जसवंत व सास से विवाद हो गया।
इससे नाराज क्रांति देवी बुधवार देर शाम अपनी तीन वर्षीय बेटी को लेकर घर से निकली और मकदूमपुर गांव के पास अपनी बेटी को साड़ी से कमर में बांधकर नहर में छलांग लगा दी।
तभी उधर से गुजरे रसूलाबाद गांव निवासी सर्वेश कुमार ने ये नजारा देखा तो उन्हें बचाने के लिए उसने भी नहर में छलांग लगा दी। सर्वेश ने मां-बेटी को सकुशल नहर से निकाल लिया।
तब तक नहर किनारे लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को घर छोड़ने की बात कही मगर उसने घर जाने से मना कर दिया।
इस पर बीबीपुर निवासी क्रांति के पिता जसकरन को बुलाया गया। काफी देर समझाने के बाद जसकरन अपनी पुत्री व नातिन को लेकर घर चले गए।
मां-बेटी की जान बचाने वाले सर्वेश कुमार सिद्धौर ब्लॉक की ग्राम पंचायत सैदनपुर में सफाई कर्मचारी पद पर तैनात हैं। नहर से मां-बेटी को सकुशल निकालने के लिए लोगों ने उनकी खूब प्रशंसा की।
प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह का कहना है कि महिला को उसके पिता के घर भेजा गया है। यदि कोई प्रार्थनापत्र मिलेगा तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।