यूपी सरकार की तरफ से रक्षाबंधन के मौके पर बहनों को दी गई फ्री बस यात्रा की सौगात ने महिलाओं की खुशी बढ़ा दी है। वहीं, बस कंडक्टर भी जानकारी न होने पर उन्हें सूचना दे रहे हैं।
चारबाग से इलाहाबाद जा रही बस में जब अन्य लोग टिकट ले रहे थे तभी एक बुजुर्ग महिला ने भी टिकट के लिए पैसे निकाले, जिस पर कंडक्टर ने कहा कि बहन जी, आज पैसे देने का नहीं, लेने का दिन है। इस पर बस में बैठे सभी यात्री हंस पड़े।
हांलांकि, इस दौरान महिलाओं को दिए गए टिकट के बदले पैसे लेने की जगह टिकट पर महिला लिखा गया। खास बात है कि जिन महिलाओं को इसकी जानकारी नहीं है। उनसे पैसे ऐंठने की जगह बस कंडक्टर उन्हें जानकारी दे रहे हैं।
बता दें कि प्रदेश की योगी सरकार ने रक्षाबंधन पर महिलाओं को सौगात देते हुए आज के दिन उनके लिए बस यात्रा फ्री कर दी है, जिससे महिलाओं के लिए त्यौहार की खुशी और बढ़ गई है। महिलाओं को रविवार की रात 12 बजे से सोमवार की रात 12 बजे तक बसों में किराया नहीं देना होगा।