- पीजीआई किसान पथ पर शनिवार सुबह हुआ हादसा
- मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों व ग्रामीणों ने किया हंगामा
- हादसे में एक अन्य महिला कर्मी और ट्रक चालक भी घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
लखनऊ।पीजीआई स्थित किसान पथ पर शनिवार सुबह एनएचएआई की संविदा सफाईकर्मी रजनी (45) को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर से उनकी सहयोगी संगीता और ट्रक चालक राजेश भी घायल हो गए। हादसे के बाद नाराज ग्रामीणों ने आधे घंटे तक हंगामा किया।
मोहनलालगंलज के शिवधारा गांव निवासी रजनी रोज की तरह सुबह सफाई के लिए निकली थी। मोहद्दीनपुर के पास वह एनएचआई की गाड़ी से उतरीं। पीछे से कानपुर रोड की तरफ से तेज रफ्तार ट्रक आ रजनी को कुचलते हुए एनएचएआई की गाड़ी से जा भिड़ा। गाड़ी में सवार संगीता भी टक्कर लगने से चोटिल हो गई। हादसे में ट्रक चालक राजेश भी घायल हो गया। हादसा देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल संगीता और चालक राजेश को सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद संगीता को छुट्टी दे दी गई, जबकि राजेश को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
आधे घंटे यातायात रहा बाधित
हादसे की खबर पाकर रजनी के परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा शुरू किया और रोड जाम कर दी। हंगामे के चलते हाईवे का यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने किसी तरह लोगों को आश्वासन देकर शांत कराया और यातायात सामान्य किया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
रजनी के रिश्तेदार राजकमल ने बताया कि रजनी के पति कमलेश की छह साल पहले ही मौत हो गई थी। उसके पांच बच्चे सपना, सलोनी, काजल, विनय और निहाल। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस का कहना है कि रजनी इस समय बनवारी नाम के व्यक्ति के साथ रह रही थीं, जो सफाई कर्मी है और चार बच्चों का पिता है। इंस्पेक्टर धीरेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।