आलमबाग। दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन के पास रविवार दोपहर बाइक सवार बदमाश ने ऑटो से पति के साथ जा रही महिला का पर्स लूट लिया। महिला के पति ने आलमबाग थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हरदोई के शाहाबाद स्थित मझिला गांव निवासी रामवीर सिंह रविवार दोपहर पत्नी के साथ ऑटो से चारबाग रेलवे स्टेशन जा रहे थे। रामवीर के मुताबिक, दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन के पास बाइक सवार युवक ऑटो के करीब आया और झपट्टा मारकर उनकी पत्नी का पर्स लूट लिया। पर्स में मोबाइल, सोने की अंगूठी और 10 हजार रुपये थे। उन्होंने ऑटो से बदमाश का पीछा किया लेकिन वह भाग गया। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मेट्रो स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।