मलिहाबाद। पांच माह से मायके में रह रही सहिलामऊ गांव की शिल्पी (30) का शव कमरे में लगे कुंडे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। मां लक्ष्मी ने बताया कि पति आशीष कुमार ने शनिवार को शराब के नशे में घर आकर हंगामा किया था। शाम लगभग पांच बजे शव कमरे में लटका मिला।
सहिलामऊ गांव निवासी लक्ष्मी ने बताया कि बेटी शिल्पी का विवाह 11 साल पहले हरदोई के खुशहालपुर गांव में आशीष कुमार से हुआ था। पति आशीष लखनऊ में राजमिस्त्री का काम करता है। आरोप है कि पति शराब का आदी है। इस कारण घर में पत्नी शिल्पी से मारपीट करता था। पांच माह पूर्व वह बेटी शिल्पी को घर ले आई थीं। शनिवार को आशीष पत्नी शिल्पी को लेने आया था और शराब के नशे में विवाद कर रहा था। इसकी शिकायत पुलिस से भी की गई थी। इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। जांच के बाद एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।