खीरों (रायबरेली)। आपस में झगड़ने के बाद पति-पत्नी शनिवार की शाम घर से निकल गए। इसके 12 घंटे बाद रविवार सुबह पत्नी का शव फंदे से लटकता पाया गया, वहीं पति अब तक लापता है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। खीरो थाना क्षेत्र के पूरे पासिन मजरे दोकनहा गांव निवासी अजीत (30) की शादी दो साल पहले अकोहरिया गांव की रेशमा (28) से हुई थी। अजीत पश्चिम बंगाल में रहकर नौकरी करता था। पत्नी भी वहीं साथ में रहती थी।
एक माह पूर्व दोनों पहाड़पुर मजरे सुल्तानपुर खेड़ा गांव में रिश्तेदारी में मुंडन संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गांव आए थे। रेशमा अब तक मां नहीं बन सकी थी। शनिवार शाम दंपती में किसी बात पर झगड़ा हो गया। अजीत की सूचना पर उसकी सास कलावती गांव पहुंचकर दोनों को समझाने लगी।
बताते हैं कि सास की मौजूदगी में ही अजीत पत्नी की साड़ी खींचकर उसे बाहर भागने लगा। सास ने किसी तरह उसे समझाया। हालांकि, इसके बाद रेशमा खुद ही घर से निकल गई। कुछ देर बाद ही अजीत भी कहीं चला गया। सास देर रात तक दोनों के खोजती रही, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। सुबह छह बजे ग्रामीण धान की फसल की कटाई करने के निकले तो नीम की पेड़ से साड़ी के सहारे रेशमा का शव लटकता मिला। पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।
सास ने आरोप लगाया कि उसका दामाद बेटी को प्रताड़ित करता था, इसीलिए विवाद होता था। महिला की मौत से ननद बिट्टी, सास श्यामकली, मां कलावती, साले सर्वेश के आंसू नहीं थम रहे हैं। थाना प्रभारी बालेंदु गौतम का कहना है कि प्रथम दृष्टया लग रहा है कि महिला ने खुदकुशी की है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सही वजह सामने आएगी। मृतका के पति की तलाश की जा रही है।
दामाद ने बताया था कि रेशमा खाना नहीं खा रही
रेशमा की मां कलावती का कहना है कि शनिवार को बेटी व दामाद झगड़ा हुआ था। दामाद शाम पांच बजे गांव आकर बताया कि रेशमा खाना नहीं खा रही है। वह बेटी को समझाने के लिए मुझे अपने गांव ले आया। शाम छह बजे अजीत रेशमा को गाली देते हुए आत्महत्या करने की धमकी देते हुए घर से बाहर खेत की तरफ चला गया था। दामाद की प्रताड़ना से तंग आकर बेटी ने फांसी लगाई है। वहीं, रेशमा की ननद बिट्टी ने बताया कि भइया व भाभी में कहासुनी हुई थी।
हत्या के मामले में जेल जा चुका है ससुर
रेशमा का ससुर सुंदर गांव में हुई एक हत्या के मामले में पूर्व में जेल जा चुका है। मृतका के मायके के लोग दबी जुबान में पति अजीत पर पत्नी की हत्या कर शव पेड़ से लटकाने का आरोप लगा रहे थे। हालांकि, मृतका की मां ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है।