रायबरेली। खुशियों के पर्व दिवाली पर शहरवासियों को प्रदूषण से बचाने के लिए नगर पालिका की तरफ से खास तैयारी की गई है। रोड स्वीपिंग मशीन से सड़कों की सफाई अब सुबह और शाम होगी। पहले इस मशीन से सड़कों की सफाई का कार्य सुबह छह बजे से नौ बजे तक होता था। अब शाम छह बजे से रात आठ बजे तक भी सड़कों की सफाई होगी। यही नहीं स्प्रिंकलर मशीन से सड़कों पर पानी का छिड़काव करके धुलाई भी होगी।
त्योहार पर वायु प्रदूषण बढ़ने का खतरा रहता है। हवा में घुल रहे धूल व कार्बन कणों की रोकथाम न होने से प्रदूषण बढ़ता है। ऐसे में पालिका ने शहर के प्रमुख सड़कों व हॉट स्पॉट इलाकों में स्प्रिंकलर मशीन से पानी का छिड़काव का कार्य शुरू करा दिया गया है। रोड स्वीपिंग मशीन से सड़कों की सफाई का कार्य शुरू कराया गया है।
इस मशीन से सफाई करने में केवल कचरा ही नहीं, बल्कि सड़कों पर डिवाइडर किनारे जमने वाली धूल तक साफ होगी। रोड स्वीपिंग मशीन से एक घंटे में एक से डेढ़ किमी तक का सफर तय करते हुए सफाई की जा सकती है। वैक्यूम क्लीनर के जरिए यह मशीन सड़क किनारे फुटपाथ के साथ-साथ जमा होने वाले कचरे को भी उठाएगा।
सफाई के दौरान धूल भी नहीं उड़ने देगी, क्योंकि साथ-साथ पानी का छिड़काव भी होगा। इसके अलावा त्योहार पर 500 कर्मियों को बेहतर तरीके से वार्डों की साफ-सफाई करने के आदेश दिए गए हैं।
प्रदूषण नापने को तीन स्थानों पर लगे मापक यंत्र
त्योहार पर प्रदूषण रोकने के लिए प्रदूषण विभाग ने तीन स्थानों पर मापक यंत्र लगाए हैं। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी प्रदीप कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि इंदिरा नगर में लगाया गया मापक यंत्र घनी आबादी का प्रदूषण दर्ज करेगा। खोवा मंडी में काॅमर्शियल क्षेत्र और इंडस्ट्रियल एरिया में लगाया गया मापक यंत्र औद्योगिक क्षेत्र का प्रदूषण रिकाॅर्ड करेगा। लोगों से अपील की जा रही है कि वह कम प्रदूूषण करने वाले पटाखा का प्रयोग करें।
वायु में उड़ रहे कणों का भी होगा खात्मा
वायु में उड़ रहे कणों के खात्मे के लिए एंटी स्मॉग गन मशीन से पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। जो कण वायु में उड़ रहे होते हैं वह जमीन पर नीचे गिर जाते हैं। इसके बाद रोड स्वीपिंग मशीन से सड़कों की साफ-सफाई करा दी जाती है। एंटी स्मॉग गन से पानी का छिड़काव शुरू करा दिया गया है।
वायु स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में पूरे देश में रायबरेली शहर की आबोहवा सबसे अच्छी थी। पहला स्थान मिला था। दिवाली पर आतिशबाजी होती है। ऐसे में प्रदूषण बढ़ने का खतरा रहता है। शहरवासियों को वायु प्रदूषण से बचाने के लिए सड़कों की सफाई के साथ ही स्प्रिंकलर मशीन से पानी का छिड़काव कराया जा रहा है।
- स्वर्ण सिंह, ईओ, नगर पालिका परिषद रायबरेली