बख्शी का तालाब। क्षेत्र में सोमवार सुबह नई बस्ती नवीकोट नंदना निवासी श्रेया (25) अपने कमरे में पंखे के हुक से साड़ी के सहारे लटकी पाई गईं। परिजनों ने उन्हें राम सागर मिश्र हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। महिला के गले में चोट और हाथ पर नाखून के निशान पाए गए हैं।
श्रेया की शादी फरवरी 2023 में आलोक पांडेय से हुई थी और उनकी डेढ़ साल की बेटी है। श्रेया के पिता बाराबंकी के पलिया, घुंघटेर निवासी मनोज अवस्थी का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले बेटी को परेशान करते थे। श्रेया के पति आलोक का कहना है कि श्रेया का अपनी जेठानी प्रकाशनी से विवाद हुआ था। इसके बाद वह कमरे में चली गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। वह ड्यूटी पर था और घटना की सूचना उनकी भाभी ने दी। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।