गुडंबा। जिला आपूर्ति विभाग ने पुलिस के साथ 19 मार्च को मड़ियांव इलाके में पूर्व माध्यमिक विद्यालय के पास एक मकान में छापा मारा। घर पर एक महिला अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करते पकड़ी गई। आपूर्ति निरीक्षक हसनगंज आरएन सिंह ने मड़ियांव थाने में आरोपी महिला के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत एफआईआर दर्ज कराई है।
जिला आपूर्ति अधिकारी विजय सिंह ने बताया कि गोपनीय सूचना पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी संतोष कुमार सिंह, आपूर्ति निरीक्षक हसनगंज आरएन सिंह, आपूर्ति निरीक्षक बीकेटी कुमार सौरभ की टीम ने 19 मार्च रात 9:30 बजे मकान में छापा मारा था। घर में घरेलू गैस सिलिंडरों से पांच किलो के छोटे सिलिंडरों में गैस भरी जा रही थी। मौके से 14.2 किलो के दो घरेलू गैस सिलिंडर, रिफिलिंग उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, पेटीएम स्कैनर व अन्य सामान मिले। आरोपी महिला भानुमति गुप्ता से पूछताछ में पता चला कि वह मकान के पास ही गुमटी में गैस चूल्हा रिपेयरिंग करती है। साथ ही 85 रुपये प्रति किलो की दर से अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करती है। आपूर्ति निरीक्षक ने बताया कि जब्त सामान मोहिबुल्लापुर स्थित भारत ऑयल गैस एजेंसी के सुपुर्द किया गया है। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि विवेचना में जो भी साक्ष्य मिलेंगे उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।