लखनऊ। पीजीआई इलाके की महिला को प्लॉट के पेपर देने के बहाने वजीरगंज स्थित लेसा दफ्तर के पास बुलाया गया। कार सवार दो आरोपियों ने उसे गाड़ी में बैठाकर कोल्ड ड्रिंक पिलाई और दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़िता ने प्रॉपर्टी डीलर रंदीप और जमीन मालिक बलराम कश्यप के खिलाफ वजीरगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
इंस्पेक्टर वजीरगंज राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता का कहना है कि वह रंदीप को पहले से जानती थी। रंदीप ने उसे करोरा ग्राम में बलराम कश्यप का 800 वर्गफुट का प्लॉट दिखाया था। प्लॉट का दाम 800 रुपये प्रति वर्गफुट तय हुआ। 21 मई को उसने प्लॉट खरीदने के लिए रंदीप और बलराम को 50,000 रुपये दिए थे। जमीन के पेपर मांगने पर वे टालमटोल करने लगे। 29 मई को रंदीप और बलराम ने उसे लेसा दफ्तर के पास बुलाया। वहां रंदीप मिला और उसे नारी नाट्य कला के पास ले गया। वहां बलराम स्कॉर्पियो में मौजूद था। आरोपियों ने उसे गाड़ी में बैठाकर कोल्ड ड्रिंक दी, जिसे पीते ही उसे चक्कर आने लगे। आरोप है कि इसके बाद बलराम और रंदीप ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर आरोपी उसे गाड़ी से धक्का देकर भाग गए। 6 जून को आरोपियों ने फोन पर उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।