लखनऊ। निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर जालसाजों ने विकास नगर की पीएनबी कॉलोनी निवासी अवेदिता कौल से 10.50 लाख रुपये ठग लिए। उन्होंने साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
अवेदिता के अनुसार 20 दिसंबर को टेलीग्राम एप पर मिले लिंक पर क्लिक करते ही उन्हें एक ग्रुप में जोड़ लिया गया। फिर fairnivesh.com वेबसाइट पर उन्हें पंजीकृत कर लिया गया। पहले कुछ रकम निवेश करने पर जालसाजों ने मुनाफा दिया। इस पर अवेदिता ने थोड़ा-थोड़ा करके 10.50 लाख रुपये निवेश कर दिए। 20 जनवरी को उन्होंने रुपये निकालने का प्रयास किया तो वेबसाइट नहीं खुली और एप भी डिलीट हो गया। इंस्पेक्टर साइबर क्राइम थाना बृजेश यादव ने बताया कि धोखाधड़ी, जालसाजी और आईटी एक्ट की धारा में एफआईआर दर्ज की गई है।