हाईवे पर एंबुलेंस की टक्कर से महिला की मौत, पति घायल
बाराबंकी। लखनऊ-सुल्तानपुर नेशनल हाईवे पर बृहस्पतिवार सुबह निजी एंबुलेंस की टक्कर से स्कूटी सवार रामावती (65) की मौत हो गई। उनके पति लक्ष्मीनारायण (70) गंभीर रूप से घायल हो गए।
गोसाईंगंज के कबरीपुर निवासी दंपती लोनीकटरा के बुढ़ानपुर स्थित बेटी की ससुराल से लौट रहे थे। टक्कर के बाद स्कूटी एंबुलेंस में फंसकर करीब 500 मीटर तक घिसटती चली गई। चालक एंबुलेंस को एक किलोमीटर दूर खड़ा कर भाग गया। पुलिस ने घायल दंपती को सीएचसी त्रिवेदीगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने रामावती को मृत घोषित किया। लक्ष्मीनारायण को प्राथमिक उपचार के बाद केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। परिजनों ने बताया कि लक्ष्मीनारायण ने एक माह पहले नई स्कूटी खरीदी थी। उनकी तीन बेटियों का विवाह हो चुका है। थानाध्यक्ष अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि हादसे के समय किसी ने हेलमेट नहीं पहना था। दोनों के सिर में ही गंभीर चोट आई।
हाईवे पर एंबुलेंस की टक्कर से महिला की मौत, पति घायल