लखनऊ। सिजेरियन प्रसव के बाद महिला की मौत होने पर चौपटिया के हयात नर्सिंग होम में जमकर हंगामा हुआ। अस्पताल में महिला की हालत बिगड़ने पर उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर किया गया था, जहां उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
राजा बाजार के रहने वाले अजीम की पत्नी निदा (32) को चार जुलाई की रात प्रसव पीड़ा होने पर हयात नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। यहां निदा ने जुड़वां बच्चियों को जन्म दिया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने कोई जांच किए बिना ऑपरेशन कर दिया।
इसके चलते प्रसव के कुछ समय बाद ही उनकी हालत बिगड़ने लगी। इस पर उन्हें चरक अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां निदा को वेंटिलेटर पर रखकर इलाज किया गया, लेकिन तमाम कोशिश के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
सामान्य थी जांच
हयात नर्सिंग होम के संचालक डॉ. मुअस्सिर का कहना है कि महिला की अल्ट्रासाउंड जांच उसी दिन कराई गई थी। खून की जांच 14 दिन पहले की थी। स्थिति सामान्य होने पर ही सिजेरियन प्रसव किया गया। मौत की वजह कुछ और हो सकती है। इलाज में लापरवाही का आरोप बेबुनियाद है।
शिकायत होने पर होगी जांच
Iइस मामले की कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर परिजन शिकायत करते हैं तो जांच कराई जाएगी। इलाज में लापरवाही की बात आएगी तो अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। I
I
- डॉ. एपी सिंह, नोडल अफसर निजी नर्सिंग होमI