बहराइच के ऐरिया क्षेत्र में स्थित एक निजी विद्यालय की शिक्षिका नवरात्र के प्रथम दिन पूजा अर्चना करने के लिए शहर के सरयू तट पर स्थित मरीमाता मंदिर के लिए निकली थी। लेकिन फिर वह रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गई। अभी परिवारीजन खोजबीन कर रहे थे।
तभी गुरुवार सुबह शिक्षिका का शव फखरपुर क्षेत्र में बहेलिया गांव के निकट बरामद हुआ है। उसके शव पर चोटों के निशान हैं। गला रेता हुआ है। जिससे लग रहा है कि हत्या कर शव फेंका गया है। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ससुराल में अनबन के बाद से महिला मायके में रहकर निजी विद्यालय में शिक्षण कार्य कर गुजर-बसर कर रही थी। बौंडी थाना अंतर्गत फुलवरिया बभनौटी शंकरपुर निवासी संगीता (25) पुत्री रामलाल का विवाह तीन वर्ष पूर्व इसी थाना क्षेत्र के दहाव गांव से हुआ था।
लेकिन विवाह के कुछ माह बाद ही ससुराल में अनबन के चलते संगीता मायके में आकर रहने लगी। अपने गुजर-बसर के लिए उसने हरदी थाना अंतर्गत ऐरिया गांव के निकट स्थित एक निजी विद्यालय में शिक्षिका की नौकरी कर ली। किसी तरह जिंदगी कट रही थी।