लखनऊ। महानगर स्थित पुलिस लाइन में रहने वाली महिला हेड कॉन्स्टेबल सुनीता द्विवेदी के सरकारी आवास से उनका बेटा नीरज जेवर और नकदी चोरी कर ले गया। उन्होंने महानगर थाने में बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सुनीता द्विवेदी को पति की जगह मृतक आश्रित कोटे से नौकरी मिली है। वह पुलिस लाइन में आवंटित टाइप प्रथम के आवास संख्या 628 में रहती हैं। उनके अनुसार, चाल-चलन ठीक न होने के कारण उन्होंने बेटे को वर्ष 2018 में बेदखल कर दिया था। अक्सर वह फोन कर खर्च के लिए रुपये मांगता रहता था। आरोप है कि उनकी गैरमौजूदगी में नीरज 25 जुलाई 2025 को उनके सरकारी आवास पहुंचा और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गया। इसके बाद 28 दिसंबर को आरोपी फिर से उनकी अलमारी से 2500 रुपये चुरा ले गया। इंस्पेक्टर महानगर अखिलेश मिश्र का कहना है कि आरोपी नीरज की तलाश की जा रही है।