लखनऊ। आगरा के सदर से शुक्रवार सुबह लखनऊ आई महिला तुलसा हजरतगंज के पार्क रोड स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़कर ऊपर बने स्टील के प्लेटफॉर्म पर बैठ गई। मौके पर पहुंची हजरतगंज पुलिस ने उसे सकुशल नीचे उतारा। सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश वर्मा ने बताया कि बातचीत पर महिला के आगरा निवासी होने का पता चला। हजरतगंज पुलिस ने आगरा पुलिस और महिला के परिजनों से संपर्क किया। परिजन उसे अपने साथ आगरा ले गए। पुलिस के मुताबिक महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ है।
तुलसा ने बताया कि वह आगरा के कैंट स्थित विहार छोटी कॉलोनी में रहती हैं और शिकायत लेकर सीएम से मिलने लखनऊ आई थीं। तुलसा के अनुसार वह 26 जुलाई को बेटे के साथ आगरा कैंट स्टेशन पर बैठी थीं। उन्होंने अपने 12 वर्षीय बेटे को कुछ सामान लेने के लिए भेजा था। आरोप है कि स्टेशन पर बैठे चार पुलिस वालों ने बेटे पर बैग चोरी का आरोप लगाकर उसे पकड़ लिया। विरोध करने पर उसे भी झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। आरोप है कि पुलिस वालों ने काफी देर तक बंधक बनाकर मारा-पीटा और पेशाब पिलाने की भी कोशिश की। तुलसा ने बताया कि जब उनके बैग से कुछ नहीं मिला तो पुलिस वालों ने उनसे दो हजार रुपये छीन लिए और मोबाइल फोन तोड़कर फेंक दिए। इसी बात की शिकायत लेकर वह आगरा से लखनऊ आई थी।