दहेज में एक लाख रुपये व सोने की चेन नहीं मिली तो ससुराल वालों ने महिला को जिंदा जला दिया। मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने महिला का भाई खोड़ारे थाने पहुंचा तो थानाध्यक्ष सुलह करने का दबाव बनाते रहे, मगर केस दर्ज नहीं किया।
खोड़ारे थाना क्षेत्र के बस्ती डोमा गांव के रहने वाले सूर्यभान सिंह ने बताया कि उसने अपनी बहन इंद्रावती सिंह की शादी बीती 27 मई को थाना क्षेत्र के ही खरहीभारी गांव निवासी एक युवक के साथ की थी।
सूर्यभान के मुताबिक शादी के कुछ दिनों बाद से ही ससुराल वाले दहेज में एक लाख रुपये व सोने की चेन की मांग करने लगे। इसके लिए ससुराल वाले इंद्रावती को प्रताड़ित किया करते थे।
सूर्यभान ने बताया कि वह बहन का हाल जानने के लिए उसकी ससुराल गया तो बहन ने आप बीती सुनाई। दहेज में एक लाख रुपये व सोने की चेन नहीं मिली तो ससुराल वालों ने इंद्रावती को नौ अगस्त को केरोसिन डालकर जिंदा जला दिया।