फर्रूखाबाद में एक महिला ने दगाबाज पति को सरेराह धुन डाला। सोमवार का यह वाकया डीएम कार्यालय के पास का है। युवक को महिला से पिटते देख भीड़ इकट्ठा हो गई।
कोई कुछ समझ पाता, इससे पहले ही युवक भाग निकला। बाद में महिला के बताने पर माजरा समझ में आया। मूल रूप से कोलकाता की रहने वाली महिला ने इस युवक से 12 साल पहले कोर्ट मैरिज की थी।
इनके दो संतानें हैं। महिला के मुताबिक कुछ दिन पहले पति उसे व बच्चों को बेसहारा छोड़ गया। वह किसी तरह बच्चों को पाल रही थी।
साथ ही दगाबाज पति को ढूंढ भी रही थी। सोमवार को किसी काम से कचहरी आई थी। डीएम दफ्तर के सामने पति दिख गया।
बस फिर क्या था, महिला ने तुरंत उसे दबोचा और बाल पकड़कर तड़ातड़ थप्पड़ जड़ने लगी। यह देखकर मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने बीचबचाव करते हुए महिला से पीटने का कारण पूछा।
इस बीच पति मौका पाकर भाग निकला। महिला ने बताया कि पति कुछ दिन पहले उसे छोड़ कर चला गया था। उसके दो बच्चे हैं। वह जैसे-तैसे अपने बच्चों का भरण-पोषण कर रही है। मामला फिलहाल पुलिस के पास नहीं पहुंचा है।