लखनऊ। ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर कृष्णानगर के दामोदर नगर में रहने वाली स्नेहा सिंह ने बृहस्पतिवार को विधान भवन के गेट नंबर तीन के सामने खुद को आग लगाने की कोशिश की। मौके पर मौजूद आत्मदाह निरोधी दस्ते ने उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें हजरतगंज थाने ले जाया गया।
विज्ञापन
एसीपी हजरतगंज विकास कुमार जायसवाल ने बताया कि स्नेहा का मायका बख्शी का तालाब के कठवारा गांव में है। नौ माह पहले उनकी शादी दामोदर नगर निवासी अधिवक्ता विनायक सिंह से हुई थी। आरोप है कि 26 जनवरी को विनायक और उसके घरवालों ने स्नेहा को मायके भेज दिया था। बृहस्पतिवार को स्नेहा ससुराल पहुंची तो उसे घर में दाखिल नहीं होने दिया गया। इसी से आहत होकर स्नेहा स्कूटी से विधान सभा सत्र के दौरान वहां पहुंची थीं। स्नेहा साथ में पेट्रोल लेकर गई थीं। स्नेहा ने खुद पर पेट्रोल उड़ेल लिया। हालांकि, समय रहते सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया।
एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा ने बताया कि स्नेहा पति के साथ रहना चाहती है। स्नेहा ने पुलिस से कोई शिकायत नहीं की थी। स्नेहा के पति ने उसे मायके भेजने के बाद प्राॅपर्टी से भी बेदखल कर नोटिस भेजा था। इसकी जानकारी होने पर बृहस्पतिवार को स्नेहा ससुराल पहुंची थीं। पीड़िता ने आरोपियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
हत्या के मामले में जेल जा चुका है पति
एसीपी कृष्णानगर ने बताया कि स्नेहा का पति कुछ साल पहले हत्या के मामले में जेल गया था। स्नेहा की तहरीर पर आरोपी पति और ससुराल वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों के बयान दर्ज किए जाएंगे। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।