लखनऊ। बीकेटी के राम सागर मिश्र संयुक्त अस्पताल के मेडिसिन विभाग में डीएनबी कोर्स की शुरुआत हुई है। इसमें युवा डॉक्टर विशेषज्ञता हासिल करेंगे। इस कोर्स के तहत डॉक्टर लोहिया संस्थान में भी प्रशिक्षण ले सकेंगे। लोहिया संस्थान और अस्पताल के बीच इसका एमओयू भी हो चुका है।
राम सागर मिश्र अस्पताल के सीएमएस डॉ. वीके शर्मा ने बताया कि जनरल मेडिसिन विषय में तीन सीट पर डीएनबी कोर्स शुरू कर दिया गया है। कोर्स में विशेषज्ञता हासिल करने के दौरान डॉक्टर अस्पताल में पढ़ाई करने के साथ ओपीडी, इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को बेहतर इलाज भी दे सकेंगे। डॉ. शर्मा ने कहा कि इस कोर्स की स्वीकृति मिलने से ज्यादा से ज्यादा मरीजों को समय से बेहतर इलाज मुहैया कराया जा सकेगा। डॉ. शर्मा ने बताया कि अस्पताल में डीएनबी कोर्स के संचालन के लिए आधुनिक उपकरण और अनुभवी डॉक्टरों की व्यवस्था की गई है। जो विभाग राम सागर मिश्र अस्पताल में नहीं चलते हैं, उनका प्रशिक्षण डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में दिया जाएगा।