लखनऊ। काकोरी के घनश्यामपुर गांव में रंजिश के चलते 55 वर्षीय रामकुमारी पर धारदार हथियार से हमला किया गया। आरोप है कि दो सगे भाइयों ने घर में घुसकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने हत्या के प्रयास की एफआईआर दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घनश्यामपुर निवासी जमुना प्रसाद ने बताया कि यह घटना 15 अक्तूबर की सुबह करीब 11 बजे हुई। उनकी पत्नी रामकुमारी घर में अकेली थीं। तभी गांव निवासी बृजेश और उसका भाई मनीष घर में घुस आए। दोनों ने गाली-गलौज करते हुए रामकुमारी के सिर पर धारदार हथियार से हमला किया। गंभीर चोट लगने से वह बेसुध होकर गिर गईं। आरोपी बाल पकड़कर घसीटते हुए उन्हें घर से बाहर ले गए। इसके बाद उन्हें नाली में फेंक दिया और पैर व लाठी से दबाया। ग्रामीणों ने चीख-पुकार सुनकर उन्हें नाली से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
एक माह पहले से चल रहा था विवाद
इंस्पेक्टर सतीश राठौर के अनुसार, रामकुमारी के बेटे ने आरोपी बृजेश की पत्नी को अपने साथ ले जाकर दुबग्गा क्षेत्र में रखा था। इसी बात को लेकर बृजेश पक्ष में नाराजगी थी। पुलिस ने रामकुमारी के पति की तहरीर पर बृजेश और मनीष के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपी बृजेश को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मनीष की तलाश जारी है।
एसीपी काकोरी शकील अहमद ने बताया कि घायल महिला के पति की तहरीर पर बृजेश और मनीष के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। रविवार को आरोपी बृजेश को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि मनीष की तलाश की जा रही है।