मलिहाबाद। मजाक करने पर पड़ोस में रहने वाली महिला व उसकी बेटी ने युवक को पीट दिया। आरोप है कि पिटाई से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना रहीमाबाद इलाके की है।
रामपुरवा गांव निवासी किसान संतोष कुमार (40) परिवार संग रहते थे। उनकी भाभी सविता ने बताया कि पड़ोस में रहने वाली महिला को संतोष भाभी कहते थे। 20 नवंबर की दोपहर वह घर के बाहर लेटे थे। पड़ोस में रहने वाली महिला और उनकी बेटी कहीं जा रही थीं। उन्होंने मजाक में कह दिया कि भाभी हमारे पास बैठ लो। इससे मां-बेटी भड़क उठीं और लात-घूसों व डंडे से संतोष की पिटाई कर दी।
सविता के अनुसार, गंभीर चोट लगने से संतोष बेहोश हो गए। शोर होने पर दोनों भाग निकलीं। देवर का इलाज गांव के ही डॉक्टर से चल रह था। बुधवार देर रात उनकी मौत हो गई। परिजनों ने मां-बेटी पर आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी थी। एसओ अनुभव सिंह ने बताया कि मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गांव में ही हो गया था समझौता
पुलिस के मुताबिक 20 नवंबर को मां-बेटी के साथ संतोष ने अभद्र मजाक किया था। इसके बाद मारपीट हुई थी। गांव में ही दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया था। ग्रामीणों के मुताबिक एक माह पहले घर पर ही करंट लगने से संतोष झुलस गए थे। उनका इलाज चल रहा था।