सीमैप की मदद से बढ़ेगी बिहार के किसानों की आय।
लखनऊ। केंद्रीय औषधीय एवं सगंध पौधा संस्थान में सोमवार से पांच दिवसीय किसान प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत हुई। इस दाैरान बिहार के सीवान स्थित कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण की ओर से चयनित लगभग 30 किसानों को यहां औषधीय और सगंध पौधों की खेती, प्रसंस्करण व विपणन तकनीकियों के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। एरोमा मिशन के परियोजना समन्वयक और मुख्य वैज्ञानिक डॉ. संजय कुमार ने बताया कि शिविर में किसानों को वैज्ञानिक तकनीक और उन्नत पौध सामग्री को लेकर प्रशिक्षित किया जाएगा। इससे वे वैश्विक गुणवत्ता का उत्पादन कर और बेहतर लाभ कमा सकेंगे।
तकनीकी सत्र में डॉ. रमेश कुमार श्रीवास्तव ने प्रतिभागी किसानों को नींबू घास, पामारोजा, तुलसी और जिरेनियम जैसे औषधीय एवं सगंध पौधों की आधुनिक खेती, प्रसंस्करण और भंडारण तकनीकों के बारे में बताया। इस माैके पर डॉ. राम सुरेश शर्मा, डॉ. ऋषिकेश एन. भिसे व शोधार्थी माैजूद रहे।