लखनऊ। कृष्णानगर के वीआईपी रोड पकरी पुल स्थित वाइन शॉप का शटर तोड़कर चोर एक लाख रुपये कीमत की शराब चोरी कर ले गए। चोरों की करतूत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर ली है और चोर की तलाश में लगी है।
कृष्णानगर के स्नेह नगर निवासी राजीव कुमार श्रीवास्तव की पकरी पुल वीआईपी रोड पर वाइन शॉप है। सात दिसंबर की सुबह 10 बजे दुकान के कर्मचारी ने शटर टूटा हुआ देख राजीव को खबर दी। छानबीन करने पर पता चला कि दुकान से एक लाख रुपये कीमत की शराब चोरी हो गई थी। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरा देखने पर एक युवक शटर तोड़ता दिखाई पड़ा। इंस्पेक्टर कृष्णानगर पीके सिंह ने बताया कि दुकान मालिक की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर फुटेज की मदद से आरोपी का पता लगाया जा रहा है।