मारपीट में घायल सिपाही अर्चित चौहान और अंकित सिंह।
बख्शी का तालाब। थाने की मेस में खाना खाकर बुधवार रात बाइक से घर जा रहे एसीपी बीकेटी के चालक सिपाही अर्चित चौहान और एसयूवी सवार कुछ लोगों के बीच मारपीट हो गई। सिपाही ने एसयूवी सवार लोगों पर असलहे की बट से हमला करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। वहीं दूसरे पक्ष ने सिपाही पर नशे में गाली-गलौज व मारपीट का आरोप लगाया है। सिपाही की तहरीर पर पुलिस अंकित सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, गौरव चौहान और 10 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
सिपाही अर्चित चौहान के मुताबिक बुधवार रात ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह बीकेटी थाने में बनी मेस में भोजन कर बाइक से एसबीआई के पास स्थित किराये के आवास पर जा रहे थे। हाईवे से अंदर जाने के लिए मुड़े रास्ते पर एसयूवी खड़ी थी। सिपाही ने एसयूवी सवार लोगों को गाड़ी किनारे हटाने के लिए कहा। आरोप है कि बस इस बात पर आरोपी भड़क उठे और उन पर हमला कर दिया। असलहा सटाकर गोली मारने की धमकी दी। मारपीट के दौरान उन्हें चोट भी लगी। सिपाही ने खुद का परिचय भी दिया, पर आरोपियों ने उनकी एक भी नहीं सुनी। मारपीट के बाद आरोपी धमकी देते हुए भाग गए।
इंस्पेक्टर बीकेटी संजय सिंह ने बताया कि कुछ लोगों से हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सिपाही अर्चित चौहान को चेहरे पर काफी चोट आई है। दूसरे पक्ष से अभी तक को कोई शिकायत नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
आरोप शराब के नशे धुत था सिपाही
सिपाही से मारपीट के आरोपी गौरव सिंह चौहान के अनुसार घटना के वक्त आरोपी सिपाही शराब के नशे में था। उसके साथ मोबाइल दुकानदार अंकित सिंह व अन्य लोग भी थे। सिपाही उन लोगों को गाली देने लगा। विरोध पर मारपीट की। गौरव का कहना है कि मारपीट में अंकित को भी चोट लगी है।
मारपीट का वीडियो भी हुआ वायरल
मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। 11 सेकंड के वीडियो में सिपाही को कुछ लोग बचाते हुए नजर आए हैं। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।
मारपीट में घायल सिपाही अर्चित चौहान और अंकित सिंह।