धीरेंद्र प्रताप सिंह की फाइल फोटो।
गोसाईंगंज। महाराणा प्रताप चैरिटेबल फाउंडेशन के अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह की हत्या की साजिश में आरोपी चालक रवि कुमार तिवारी की पत्नी पूजा भी शामिल थी। पुलिस ने शुक्रवार रात पूजा को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर घर से मृतक की अंगूठी और 15 हजार रुपये बरामद हुए। पूछताछ के बाद शनिवार को पुलिस ने महिला को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
एडीसीपी साउथ रल्लापल्ली वसंथ कुमार के अनुसार, रवि ने पूजा को धीरेंद्र की हत्या की साजिश के बारे में बताया था। पूजा ने पहले विरोध किया लेकिन मकान और रुपयों के लालच में वह तैयार हो गई। हत्या के बाद रवि ने करीब 5:30 बजे फोन कर पूजा को काम हो जाने की जानकारी दी थी। शव ठिकाने लगाने के बाद रवि ने धीरेंद्र की कीमती अंगूठी और नकदी पूजा को सौंप दी थी। पूजा ने अंगूठी को अलमारी में छिपा दिया था।
शुक्रवार को पुलिस ने पूजा को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल कर लिया। इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि वारदात के अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पूजा को पूरे मामले की जानकारी थी। उधर, एसटीएफ कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
धीरेंद्र प्रताप सिंह की फाइल फोटो।