शराब के नशे में रस्सी से गला कसकर पत्नी की हत्या
मोहनलालगंज। धनुआसांड गांव में बुधवार रात शराब के नशे में राधेकृष्ण गौतम ने रस्सी से गला कसकर पत्नी रेखा (40) की हत्या कर दी। वारदात के वक्त उनका बड़ा बेटा प्रभात घर के दूसरे कमरे में सो रहा था। घटना के बाद आरोपी भाग निकला। पुलिस ने बेटे की तहरीर पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एडीसीपी दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार के मुताबिक, मूलरूप से उन्नाव के मौरावां स्थित जंगलियाखेड़ा गांव की रेखा की शादी श्रमिक राधेकृष्ण गौतम से हुई थी। उनके तीन बेटे और एक बेटी है। बुधवार रात करीब 12 बजे राधेकृष्ण शराब के नशे में घर पहुंचा। उस वक्त बड़ा बेटा प्रभात सो रहा था, जबकि पुष्पेंद्र, अंकुश और बेटी शांति गांव में मेला देखने गए थे। पति को नशे में देखकर रेखा ने कुछ कह दिया। इस पर आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। विरोध पर रस्सी से गला कसकर रेखा की हत्या कर दी।
बच्चों के शोर मचाने पर भागा आरोपी
रात करीब एक बजे मेला देखकर लौटे बच्चों ने कमरे में मां का शव फर्श पर पड़ा देखा। उस वक्त आरोपी भी कमरे में था। बच्चों के शोर मचाने पर वह भाग निकला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की और फोरेंसिक टीम को बुलाया। इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि घटना के वक्त घर में मौजूद प्रभात से भी पूछताछ की गई है।
झगड़ा समझ चीखने की आवाज को किया अनसुना
ग्रामीणों के मुताबिक, राधेकृष्ण अक्सर शराब के नशे में घर आता था। दंपती के बीच विवाद होता था। बुधवार रात भी चीखने-चिल्लाने की आवाजें आ रही थीं लेकिन इसे रोज का झगड़ा समझकर अनसुना कर दिया था।