सलोन (रायबरेली)। दहेज में बाइक नहीं मिली तो पति ने पत्नी को तलाक दे दिया। साथ ही पत्नी के जेवरात भी बेच दिए। पति के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
सलोन कस्बे की मिलकियाना पश्चिमी वार्ड की रहने वाली सादिया नाज ने सलोन कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी शादी लालगंज कोतवाली क्षेत्र के बहादुरगंज निवासी मो. आस्कार से 17 मई 2023 को हुई थी।
उनके पिता ने हैसियत के मुताबिक ससुराल वालों को शादी में दहेज भी दिया था। शादी के बाद से ही पति उन्हें प्रताड़ित कर रहा था। दहेज में एक बुलेट की मांग पूरी न होने पर गाली गलौज करता था। पांच फरवरी को पति ने उन्हें बच्ची के साथ घर से निकाल दिया।
साथ ही फोन पर तलाक दे दिया। दोबारा घर आने पर जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि विवाहिता की तहरीर पर पति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रकरण में कार्रवाई कराई जाएगी।