डीह (रायबरेली)। किसान की हत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना से लोगों का आक्रोश देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
डीह थाना क्षेत्र के घाटमपुर गांव निवासी मंगल प्रसाद (57) खेती करते थे। रविवार शाम गांव में घर का कुछ सामान खरीदने के लिए दुकान जा रहे थे। इसी दौरान रंजिश में आरोपियों ने लाठी-डंडे से पीटकर मंगल को घायल कर दिया था। जिला अस्पताल में सोमवार की शाम इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
जिला मुख्यालय पर पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को किसान का शव गांव आया तो परिजनों में कोहराम मच गया। साथ ही घटना से लोगों में नाराजगी रही। सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। बुधवार को गांव में ही किसान का शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सीओ सलोन प्रदीप कुमार ने बताया कि किसान के बेटे गया प्रसाद की तहरीर पर गांव के ही रहने वाले रामजी पाठक, सोनू पाठक व सोनल पाठक के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है।