लखनऊ। जानकीपुरम क्षेत्र की बाबा विश्वनाथ गैस एजेंसी पर बुधवार को उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा किया। यहां शहरी क्षेत्र में रहने वाले उपभोक्ताओं को ग्रामीण शेड्यूल के तहत 40 दिन बाद गैस आपूर्ति का मेसेज मिल रहा था, जबकि अन्य एजेंसियों के शहरी ग्राहकों को 25 दिन का समय दिया जा रहा है।
हंगामे की सूचना पर एडीएम (आपूर्ति) ज्योति गौतम मौके पर पहुंचीं। जांच में पता चला कि बाबा विश्वनाथ गैस एजेंसी इंडेन कंपनी के अभिलेख ग्रामीण एजेंसी के रूप में ही दर्ज है। मौजूदा किल्लत के चलते कंपनी ने ग्रामीणों के लिए 40 दिन और शहरियों के लिए 25 दिन का बुकिंग शेड्यूल तय किया है, जिससे यह विसंगति पैदा हुई।
एडीएम ने मौके से ही इंडेन के अधिकारियों से वार्ता की। कंपनी ने आश्वासन दिया है कि अगले दो दिन के भीतर इस एजेंसी को आधिकारिक तौर पर शहरी श्रेणी में तब्दील कर दिया जाएगा। इसके बाद सभी उपभोक्ताओं को 25 दिन वाले शेड्यूल का लाभ मिलने लगेगा। इस ठोस आश्वासन के बाद ही उपभोक्ताओं का गुस्सा शांत हुआ और वे वापस लौटे।
रात दो बजे से लाइन लगाने को मजबूर उपभोक्ता, घर पर नहीं पहुंच रही गैस
प्रशासन ने घर पर गैस आपूर्ति का आदेश जारी कर दिया है, लेकिन हकीकत अलग है। घर पर सिलिंडर नहीं पहुंचने के कारण उपभोक्ता गैस एजेंसियों व उनके गोदामों पर लाइन लगाने के लिए मजबूर हैं। बुधवार को कुर्सी रोड फूलबाग स्थित अशोक गैस एजेंसी के बाहर सड़क किनारे 100 से अधिक उपभोक्ता सिलिंडर के साथ लाइन लगाए खड़े थे। उपभोक्ता विकास मौर्या ने बताया कि घर पर कई दिन से सिलिंडर नहीं पहुंचा। लिहाजा रात दो बजे से ही गोदाम पर पहुंचकर लाइन में लग गए। तब से दोपहर हो चुकी है। कपूरथला स्थित भारत गैस एजेंसी की भी यही दशा रही। घर पर गैस नहीं मिलने के कारण काफी उपभोक्ता एजेंसी पहुंच गए। यहां भी स्टाफ से नोकझोंक हुई।
तीसरे दिन भी नहीं बंटी गैस, मायूस लौटे ग्राहक
नगराम में अकरहदू स्थित कुंती इंडेन गैस एजेंसी पर छापे के बाद उजागर हुई अनियमितताओं का असर तीसरे दिन भी दिखा। बुधवार को भी गैस वितरण नहीं हो सका, जिससे दूरदराज से पहुंचे उपभोक्ताओं को निराश होकर लौटना पड़ा। एजेंसी संचालक सुनीता यादव, गोदाम प्रभारी विष्णु शर्मा और मैनेजर पवन कुमार के खिलाफ सोमवार को पूर्ति निरीक्षक गोसाईंगंज अर्पिता उपाध्याय की तहरीर पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था। इसके बाद से ही एजेंसी के गोदाम में सिलिंडर उपलब्ध नहीं हैं। हालांकि, एजेंसी संचालक ने दावा किया कि बृहस्पतिवार को सभी बुकिंग की डिलीवरी कर दी जाएगी। उधर, बचनखेड़ा निवासी रमेश वर्मा और टिकरा युगराज के निजाम समेत कई उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्हें बुधवार को गैस लेने के लिए बुलाया गया था, लेकिन सिलिंडर न मिलने से उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा।
गैस के लिए परेशान उपभाेक्ता।
गैस के लिए परेशान उपभाेक्ता।
गैस के लिए परेशान उपभाेक्ता।