नो पार्किंग जोन में खड़ी गाड़िया।
लखनऊ। नो पार्किंग से गाड़ियां सिर्फ उन्हीं इलाकों से उठाई जाएंगी, जहां पार्किंग की सुविधा है। जहां पार्किंग की सुविधा नहीं है, वहां पर गाड़ियां सड़क से नहीं उठाई जाएंगी।
एक अगस्त से शहर में नो पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को क्रेन से उठाने का काम शुरू होना है। इसके लिए नगर निगम एक फर्म को ठेका दे रहा है। इस पर लोगों का कहना था कि अभी शहर में सभी जगह पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। जो 77 पार्किंग स्थल चार साल पहले निरस्त किए गए थे, वह भी बहाल नहीं किए गए हैं। ऐसे में लोग गाड़ियां कहां खड़ी करेंगे।
अमल उजाला ने नगर आयुक्त से इस पर बात की तो उन्होंने साफ किया कि क्रेन वहीं पर चलेगी, जहां पर पार्किंग की सुविधा है और लोग सड़क पर गाड़ियां अवैध रूप से खड़ी कर रहे हैं। शहर में जहां पर पार्किंग की सुविधा नहीं है, वहां पर क्रेन नहीं चलेगी। पार्किंग को लेकर पहले स्थान तय किए जाएंगे, उसके बाद ऐसे इलाकों में क्रेन चलेगी। क्रेन आवागमन को आसान बनाने के लिए चलाई जाएगी क्योंकि हजरतगंज, लालबाग व कई अन्य जगहों पर पार्किंग की सुविधा होने के बाद भी लोग सड़क पर गाड़ियां खड़ी करते हैं जिससे लोगों को समस्या होती है।
नो पार्किंग जोन में खड़ी गाड़िया।