नैक ए प्लस-प्लस ग्रेड के लिए केजीएमयू में 31 से शुरू होगा निरीक्षण
लखनऊ। किंग जाॅर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) की ग्रेड में सुधार के लिए कमर कस ली है। विश्वविद्यालय में 31 जुलाई से नैक के निरीक्षण की शुरुआत होगी। यह निरीक्षण दो अगस्त तक चलेगा।
वर्ष 2023 में हुई ग्रेडिंग में केजीएमयू को नैक ए प्लस ग्रेड मिला था। केजीएमयू इससे बेहतर रैंक की उम्मीद लगाए था। वर्तमान कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने ग्रेड में सुधार के लिए दोबारा आवेदन किया। कुलपति के मुताबिक केजीएमयू नैक ए प्लस ग्रेड से बेहतर प्रदर्शन कर सकता है। इसलिए पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया गया है। 31 जुलाई से निरीक्षण की शुरुआत होगी। पिछली बार केजीएमयू को स्टूडेंट एक्टिविटी और शोध में कम नंबर मिले थे। उस समय यह भी कहा गया था केजीएमयू अपने सभी शोध नहीं बता सका था। अब इनको व्यवस्थित करके आवेदन किया गया है।
केजीएमयू में इस समय एशिया में सबसे ज्यादा 4,500 बेड हैं। इस लिहाज से यह एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल है। संस्थान में 149 छोटे-बड़े भवन हैं। यहां 77 विभागों का संचालन हो रहा है। 550 शिक्षक, 800 रेजिडेंट डॉक्टर और लगभग 10 हजार कर्मचारी कार्यरत हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान देश में सबसे ज्यादा मरीजों का इलाज और सबसे ज्यादा बेड क्षमता होने का रिकॉर्ड भी केजीएमयू ने बनाया था। महामारी के दौरान सबसे ज्यादा टेस्ट करने का कीर्तिमान भी संस्थान के नाम है। टेलीमेडिसिन में अच्छे प्रदर्शन के लिए केजीएमयू की डॉक्टर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सम्मानित किया था।