पढ़ाई के लिए डांट पड़ी तो युवती ने लगा लिया फंदा
लखनऊ। पारा के अशोक विहार कॉलोनी में रहने वाली मुस्कान शर्मा (18) ने पिता की डांट से क्षुब्ध होकर फंदा लगा लिया। इसके अलावा मड़ियांव के फैजुल्लागंज गाजीपुर बलराम निवासी निवासी डी फार्मा के छात्र सुशील कुमार सिंह (18) ने बीती रात आत्महत्या कर ली। गुडंबा के कल्याणपुर में इंटर की छात्रा रुद्रिका शर्मा (16) ने खुदकुशी कर ली।
मुस्कान के पिता राजेश्वर की फैब्रिकेटर्स की दुकान है। उन्होंने बताया कि बेटी बीए में दाखिले के लिए तैयारी कर रही थी। शुक्रवार को पढ़ाई के लिए उसे डांटा था। वह चुपचाप पहली मंजिल पर बने कमरे में चली गई। शनिवार सुबह मां ने मुस्कान के कमरे का दरवाजा खटखटाया तो जवाब नहीं मिला। खिड़की से झांका तो बेटी का शव पंखे में दुपट्टे के सहारे लटका मिला। परिवार में मां गीता, भाई ऋषि शर्मा, वीर और बहन रितु है।
सुशील कुमार सिंह आईआईएम रोड स्थित महर्षि इंस्टिट्यूट में डीफार्मा प्रथम वर्ष के छात्र थे। उनके पिता संजय ने बताया कि बेटा शुक्रवार रात खाना खाने के बाद कमरे में चला गया था। शनिवार सुबह चाचा कृष्णा रसोई में गए तो सुशील को कुंडे में दुपट्टे सहारे लटका देखा। परिवार में पिता संजय, मां सविता व बड़ा भाई सुधीर है।
कल्याणपुर निवासी इंटर की छात्रा रुद्रिका ने शुक्रवार देर रात प्रथम तल पर बने अपने कमरे में दुपट्टे से फंदा लगा लिया। शनिवार सुबह मां कमरे में गई तो रुद्रिका का शव पंखे में दुपट्टे के सहारे लटका हुआ था। मृतका के पिता मंगेश शर्मा इंजीनियर हैं। इंस्पेक्टर प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
बीमारी से परेशान होकर बुजुर्ग ने जान दी
महिगवां के अकड़ा गुलालपुर निवासी जगमोहन (60) चार साल से बीमार चल रहे थे। शुक्रवार देर रात करीब दो बजे पत्नी केतकी उठीं तो पति जगमोहन कमरे में नहीं थे। बाहर जाकर देखा तो जगमोहन बरामदे में लगे टिनशेड की बल्ली में चादर के सहारे लटके हुए थे। परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे सुंदर व विजय हैं।