डांट पड़ी तो किशोर ने लगा लिया फंदा
लखनऊ। जानकीपुरम विस्तार में डांट से क्षुब्ध होकर सत्यम (15) ने बृहस्पतिवार को पंखे में फंदा लगाकर जान दे दी। इसके अलावा विभूतिखंड इलाके में गैराज कर्मचारी प्रवीन यादव (40) ने आत्महत्या कर ली।
इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह ने बताया कि जानकीपुरम विस्तार सेक्टर दो निवासी अध्यापक अनिल अवस्थी का बड़ा बेटा सत्यम केंद्रीय विद्यालय में कक्षा नौ का छात्र था। बृहस्पतिवार को स्कूल जाने को लेकर उसे मां आरती ने डांट दिया था। दोपहर करीब 2:30 वह स्कूल से लौटा और चुपचाप कमरे में चला गया। कुछ देर बाद आरती बुलाने गईं तो उसे दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका देखा। परिवार में मां-पिता, बहन शाम्भवी के अलावा छोटा भाई अविराज है।
विभूतिखंड में गैराज कर्मचारी ने की आत्महत्या
हरियाणा के गुड़गांव निवासी प्रवीन यादव (40) विभूतिखंड स्थित पारिजात अपार्टमेंट में किराये पर रहकर गैराज में काम करते थे। बुधवार को प्रवीन ने कमरे में दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर फोन न रिसीव होने पर पत्नी ने अपार्टमेंट के सुपरवाइजर को जानकारी दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो फंदे पर शव लटका मिला।