लखनऊ। विकासनगर निवासी कारोबारी आशुतोष सिंह पर बुधवार रात विभूतिखंड स्थित होटल दि प्लैटियल में आदर्श ने पिस्टल से फायर झोंक दिया। गनीमत रही कि वह बच गए। इसके बाद आरोपी आदर्श ने कारोबारी की चेन लूट ली और साथियों के साथ भाग निकला। विभूतिखंड पुलिस ने आदर्श, सुमित व अन्य अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
आशुतोष के मुताबिक कुछ साल पहले उनकी मुलाकात आदर्श से हुई थी। उसने विधायक से पहचान होने का हवाला देते हुए रिवाॅल्वर का लाइसेंस दिलाने की बात कही थी। उन्होंने अपने एक परिचित का लाइसेंस बनवाने की बात कही और आदर्श को एक लाख रुपये दे दिए। काफी समय बाद भी काम नहीं होने पर जब रकम वापस मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगा। बुधवार रात करीब नौ बजे आदर्श के दोस्त सुमित ने कॉल कर कारोबार के सिलसिले में बात करने के लिए होटल बुलाया था।
वहां सुमित के साथ आदर्श व अन्य अज्ञात लोग मौजूद थे। सभी ने कारोबार की बात की और शराब पी। नशा अधिक होने पर आदर्श ने शराब की बोतल उनके सिर पर फोड़ दी। फिर कांच के ग्लास उनके चेहरे पर फोड़ दिए और फायर झोंक दिया। वह झुक गए और फायर मिस हो गया। किसी तरह वह जान बचाकर थाने पहुंचे। इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह के मुताबिक मामले की तफ्तीश की जा रही है।