लखनऊ। जिले में गेहूं खरीद ने पिछले वर्ष का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। 14 जून तक निर्धारित 85 हजार क्विंटल लक्ष्य के सापेक्ष 78,061 क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी है, जो लक्ष्य का 91.84 प्रतिशत है। पिछले वर्ष जिले को 95 हजार क्विंटल खरीद का लक्ष्य मिला था, जिसके सापेक्ष करीब 33 हजार क्विंटल गेहूं की ही खरीद हो सकी थी। इस बार खरीद का आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में दोगुने से भी अधिक पहुंच गया है।
डिप्टी आरएमओ विपुल कुमार सिंह ने बताया कि 30 मार्च से गेहूं खरीद शुरू हुई थी, जो 15 जून तक चली। इस दौरान विभिन्न एजेंसियों की ओर से संचालित खरीद केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, जिसके परिणामस्वरूप इस वर्ष खरीद में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। प्रशासन का कहना है कि किसानों को समय पर भुगतान और सुचारु खरीद व्यवस्था के कारण इस वर्ष गेहूं खरीद अभियान को अपेक्षित सफलता मिली है।
आकड़ों पर नजर डाले तो खरीद केंद्रों पर अब तक 2,449 किसानों से गेहूं की खरीद की गई है। किसानों को 2,033.43 लाख रुपये का भुगतान देय हुआ, जिसमें से 1,958.57 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। शेष भुगतान की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि खरीदे गए गेहूं में से 49,627 क्विंटल भारतीय खाद्य निगम को सुपुर्द किया जा चुका है, जबकि 45,956 क्विंटल की प्राप्ति दर्ज की गई है।
गेहूं खरीद।